शनिवार, 4 जुलाई 2009

जब हमने आपरेशन करवाया --------

एक दिन हम अचानक नहाते-नहाते बाथरूम में उसी प्रकार फिसल गए जैसे कभी कभी साबुन हाथ से फिसल कर नाली में चला जाता है अक्सर लोग फिसलते हैं ,हमें भी फिसलने का सौभाग्य मिला हम ज़ोर से चिल्लाये सबलोग दौडे आए हमारे बाथरूम के दरवाजे को खोला हमें सबने अपने -अपने स्वार्थी हाथों में उसी तरह सभांला जैसे यूपीए कीसरकार को सारे स्वार्थी दल सभांल रहे थे हमें अपने टूटे दरवाजे पर इसी दिन फख्र हुआ क्योंकि अगर हमने इसकी मरम्मत पिछले महीने करा ली होती तो इस समय इसे तोड़ना पड़ता ,जिसमें कष्ट होता ,समय लगता और फ़िर से मरम्मत कराने में पैसा लगता ,हम अपनी लेटलतीफी पर मन ही मन मुस्कराए खैर ....हमारे दर्द को देखकर तुंरत डाक्टर को बुलाया गया डाक्टर ने कहा कि हड्डी वड्डी तो ठीक है पर दिमाग में चोट आई है ,लिहाजा इनका ऍम आर आई और बहुत से टेस्ट कराने पडेगें हमारी पत्नी को बहुत गुस्सा आया क्योंकि जो पैसे उनके गहने के लिए रक्खे थे ,वह अब हमारे इलाज पर खर्च होने वाले थे लिहाजा वह हर काम में खीझ रहीं थी तीन दिन के टेस्टों के बाद डाक्टर ने बताया कि हमारे दिमाग में एक गाँठ है जिसके लिए आपरेशन करना बहुत आवश्यक है एक तो आपरेशन ऊपर से दिमाग का --सारा घर सुन्न रह गया ,जिसने सुना वही आंसू बहाता चला आया और ढाढस बधने चला आया पडौसी मित्र ,शहर ,गाँव केलोग रिश्तेदार ,वह दूकानदार जहाँ से उधार सामान आता था और अक्सर पैसों के लिए लड़ाई होती थी ,वह भी इस दुःख भरे अवसर पर दौड़ता हुआ आया और बोला --बाबूजी मैं क्या सुन रहा हूँ ये कैसी बीमारी आई दिमाग का आपरेशन तो बड़ा खतरनाक होता है ,अभी आपकी उम्र ही क्या है छोटे छोटे बच्चे हैं भाभीजी कैसे सभांलेगी इनको -सुनकर बहुत दुःख हुआ आप अपने को अकेला मत समझे हम आपके साथ हैं उसकी बात सुनकर हमें बहुत सुकून मिला हमने भगवान् को धन्यवाद दिया कि हमें इस बीमारी के कारणही सही इस लाला के मीठे बचन सुनने को मिले इस तरह हर जगह सोसायटी ,क्लब ,समितियों में हमारे आपरेशन की चर्चा होने लगी ,रिश्तेदारों के फोन आने लगे ,सभी दुखी थे ,सभी पूछते कब आपरेशन होगा ,हमें तारीख जरूर बताइयेगा हम जरूर आयेगें लिहाजा हमारे आपरेशन की ज़ोर शोर से तैयार होने लगी जैसे आपरेशन दिल्ली में कराएँ या मुंबई में ,कितने दिन रहना होगा ,वैसे ज्यादातर की सलाह थी कि मुंबई ही ठीक जगह है ,इस बहाने हम मुंबई का स्टेशन तो देख लेंगे कम से कम १५--२० दिन लगेंगे ,अब इतने दिन किसी के घर रहना ठीक नही ,फ़िर सब लोग देखने आयेंगे तो उनको ठहराने और खिलाने की जिम्मेदारी भे तो आपकी है ,कहाँ तक होटल का खर्चा करेगें ,इसलिए एक फ्लैट किराये पर ले लेते हैं अब मुंबई में फ्लैट की खोज शुरू हो गई मेरे भाई के साले मुंबई में डाक्टर हैं लिहाजा सारा इंतजाम वही कर रहे थे ,मैं कुछ की कोशिश करता तो वह मेरा मुंह बंद कर देते ,देखिये आप कुछ चिंता मत करिए ,आपको तो पूरा आराम करना है ,दिमाग पर बिल्कुल ज़ोर मत डालिए पैसे के बारे में मत सोचिये ,सब भाभीजी खर्च कर रही है ,गोया भाभीजी के मायके से आ रहा है इस तरह हमारे आपरेशन की तैयारी ऐसे हो रही थी मानो कोई उत्सव हो घर पर कौन रहेगा ,हमारे साथ कौन जाएगा ,मेहमानों के खाने का कौन प्रबंध करेगा ,आदि सभी कामों की लिस्ट बननेलगी हमारी भाभीजी टीचर हैं २० दिन रहने के लिए उनहोंने अपने स्कूल में बात करी तो पता चला की उनकी छुट्टी ख़त्म हो गई हैं ,अब अगर उन्हें अवकाश चाहिए तो पे कटेगी खैर भाभीजी का उदार दिल देखिये वह इसके लिए भी तैयार हो गई क्योंकि हमारे आपरेशन का सवाल था इससे पहले हमारे खानदान में कोई आपरेशन नही हुआ था एक दो डिलीवरी हुई थी पर यह कोई आपरेशन होता है जो बिना तैयारी के हो ,फ़िर दिमाग के आपरेशन का महत्व अपना अलग ही होता है हमारे घर पर हर समय फोन की घंटी बजती ,सभी हमारे को सांत्वना जताते ,कुछ न आने की मजबूरी बताते तो कुछ मौसम के विषय में पूछते ताकि किसी दिन आकर देख जाए ,मानो किसी हिल -स्टेशन पर घूमने जा रहे हों हमारी पत्नी रोज़ शोपिगं को चली जाती क्योंकि हमारे ओपरेशन का सामान खरीदना था और हमारे बच्चे पीछे परेशान न हों तो घर में खाने पीने की चीजें ठीक प्रकार से रखनी थी हम जैसे ही सोने की कोशिश करते कभी फ़ोन तो कभी दरवाजे की घंटी बज उठती और उनसे बताने में ही हमारा आराम और समय ख़त्म हो जाता ,सबसे ज्यादा कोफ्त तो तब होती जब लोग हमारी पत्नी से कहते कि हमारी हर बात पूरी की जाए चाहे इसके लिए कितना भी खर्चा हो जाए या कुछ भे करना पड़े क्योंकि आपरेशन दिमाग का है ,इसलिए हमें किसी तरह का टेंशन नही लेना है ,हम कैसे बताते कि मिजाजपुर्सी करने वाले ही हमारे सबसे बड़े सर दर्द हैं और उनके सांत्वना भरे शब्द ही हमें सबसे ज्यादा टेंशन देते हैं हमारा ही आपरेशन ,हमारा ही पैसा खर्च हो रहा और हमें ही सब चुप करा कर अपना निर्णय ले रहे थे ,हमसे कह देते आपको कुछ टेंशन लेने की ज़रूरत नही है ,यह सुनकर हमें अपने पर शर्म आ रही थी ,हम जीते जी मरे के समान हो गए थे हमारे भाई बंधुओं के फोन आते कि हमें जरूर बताइयेगा कि आपरेशन की तारीख क्या है हम जरूर आयेंगे ,क्योंकि हमारे खानदान में बड़ी मुश्किलों से आपरेशन हो रहा है आपरेशन रूम का हिलता दरवाजा ,बाहर खड़े सगे संबन्धी को ढाढस देते लोग ,यह सब तो हमने सिर्फ़ सीरीयलों या पिक्चरों में ही देखा है ,अब भाग्य से यह देखने का मौका मिला है तो इसे क्यों छोडे एक दिन हमारी रिश्ते की बहन का फोन आया -भैया आप आपरेशन ऐसे हॉस्पिटल में करना जहाँ एक मन्दिर भी हो ताकि आपरेशन के समय भाभीजी आपकी उम्र के लिए दुआ कर सकें और भगवान् से अपने सिंदूर का वास्ता देकर आपके जीवन को बच्चा सकें क्योंकि जीवन लेने देने का अधिकार तो ऊपर वाले का है पर भावुक डायलाग बोलने पर भगवान् भी पिघल जाते हैं तो भइया चाहे इसके लिए प्राइवेट नर्सिगं होम में जाना पड़े पर आपरेशन वहीं करवाईयेगा जहाँ पर एक मन्दिर भी हो सुनकर हमें लगा कि हम अपना आपरेशन नहीं ,फ़िल्म की शूटिंग करवाने जा रहे हो ,और हमारे सगे संबन्धी हमारे निर्देशक बने हों आठ दिन बाद हमारा आपरेशन था ,हमने सोचा इतने दिन से दवा खा रहे हैं चलो डाक्टर की राय ले ली जाए और हम अचानक दिल्ली चले गए वहां हमने अपना फ़िर से परीक्षण करवाया पुराणी रिपोर्ट दिखाई जो दवा खा रहे थे वो दिखाई ,डाक्टर ने कहा कि आपके दिमाग में गांठ नही थी सूजन थी जो गाँठ जैसी दिख रही थी ,अब आपको आपरेशन की जरूरत नही है ,आप यह दवा खा लें और एक हफ्ते में ठीक हो जायेंगे सुनकर हमें उतनी ही खुशी हुई जितनी फिल्म के हिटहो जाने पर निर्देशक को होती है हम खुशी खुशी घर लौटे ,सबसे पहले हमने अपनी भाभीजी को फोन किया ताकि वो अपनी छुट्टी न लें भाभीजी ने जैसे ही सूना -वह गुस्से से विफर गई बोली -भइया यह क्या कहा,आपने तो हमारी नाक कटा दी ,हमने तो सारी तैयारी कर ली थी स्कूल से २० दिन की छुट्टी ले ली थी अब कैसे कहेंगे कि आपका आपरेशन नही हो रहा है हमारी इज्ज़त का सवाल है अपनी इज्ज़त बचने के लिए अब कहीं न कहीं तो जाना ही पडेगा और उनहोंने गुस्से से फोन पटक दिया अपने लोगों की नफरत का यह पहला अध्याय था उसके बाद तो जिसने सुना कि हमारा आपरेशन नही हो रहा वही फोन पर हमसे लड़ने लगा ,किसी ने कहाकि हमने बड़ी मुश्किल से लाइन में लगकर रिजर्वेशन करवाया था और आपने हंसकर ख़बर सूना दी किअप्रेशन का प्रोग्राम केंसिल हो गया ,यह तो आपने अच्छा नही किया ,उनकी आवाज में वैसा ही दर्द था जैसा किसी की लडकी की सगाई टूटते वक्त होता है एक साली ने तो यहाँ तक कह दिया कि आपने तो आपरेशन न करा कर अपना पैसा बचा लिया पर हमारी जो बदनामी हुई उसकी भरपाई कैसे होगी जिसे देखो वही आपरेशन के नाम पर हम पर ताने कस रहा था आपरेशन के नाम पर जो हमें हाथों हाथ ले रहे थे ,वह आपरेशन न होने पर हमसे छिटक कर दूर जा गिरे थे गोया कि वह सभी मित्र संबन्धी जो आपरेशन होने पर हमारे बहुत करीब आ गए थे ,हमारे दुःख के साथी थे ,हमारे रोने पर भी हमें हँसते हुए ढाढस दे रहे थे ,वह सब हमारे सुख में रोते हुए ,हमसे दूर चले गए थे हमारा इस जहाँ में कोई नही रह गया था खैर .......हमने भी मन में सोचा कि कौन किसका होता है ,भरे मन से अपने पूर्व जीवन में लौटना चाहिए अब हमारी पत्नी ने फोन का बिल ,बिजली का बिल ,खरीददारी का बिल और अन्य बिलों का ब्यौरा दिया जो कुल ९०ह्जार का था डाक्टर ने २ लाख का खर्चा बताया था उस हिसाब से आधा खर्चा हो चुका था रिश्तेदारों के दूर होने का दर्द झेला सो अलग ,हम कितने असहाय हो गए थे आपरेशन न कराकर --अभी हम ये सोच ही रहे थे की मुंबई से प्रापर्टी डीलर का एक पत्र आया जिसमें लिखा था कि फ्लैट रिजेक्ट करने के लिए जो प्रार्थना पत्र भेजा था वह देर से मिला इसलिए हम पूरे माह का किराया ५०,००० काटकर बाकी पैसा लौटा रहे हैं धन्यवाद --यानी कि १ लाख ४५ हजार रुपयों का खर्चा हो गया और हमें क्या मिला ---रिश्तेदारों की बेरूखी और पैसों की बर्बादी ----काश:.....हमने समय रहते अपना आपरेशन करा लिया होता ,हाय ------------